लोकप्रिय पोस्ट

शनिवार, 15 नवंबर 2014

यह मुआ तो बड़े दिमागदारों का खेल है...!

“आओ सेकुलरिज्म-सेक्युलरिज्म खेलें..!”

“ये सेक्युलरिज्म क्या है..?”

“इतने पॉपुलर खेल के बारे में तुम्हें नहीं पता...? अच्छा...इसका मतलब भेड़िया आया-भेड़िया आया कहानी कभी नहीं पढ़े...!”

“अरे यार..मेरे भाई..! कहानी तो पढ़ा है...”

“लेकिन इसे समझ नहीं पाए...तभी इस खेल को भी नहीं समझ पा रहे हो..!”

“अच्छा भई..! अब तुम्हीं समझाओ, इस खेल को लगे हाथ हम भी खेल लेंगे..!”

“हाँ...! उसी कहानी की तरह ‘सेक्युलरिज्म-सेक्युलरिज्म’ कह कर यह खेल खेला जाता है...मानो कोई बड़ी आफत आनेवाली हो या आ गयी हो..!”

“देखो पहेली मत बुझाओ..खेल की विधि बताओ..!”

“यह तो जानते हो कि स्वतंत्रता हमारा मौलिक अधिकार भी है..और इस स्वतंत्रता की सार्थकता हमारे खेलने की स्वतंत्रता पर निर्भर है..”

“मतलब...? मैं समझा नहीं...”

“मतलब यह कि यदि स्वतंत्रता हो तो हम सभी तरह के खेल खेल सकते है...!”

“मतलब इस खेल के खिलाड़ियों के लिए स्वतंत्रता एक अनिवार्य तत्व है..”

“सही समझे..! आगे और ध्यान से सुनो पूरा खेल समझ में आ जाएगा...”

“नहीं...नहीं..एक बात और समझाओ..मान लो इस खेल के खिलाडियों को स्वतंत्रता न हो तो...?”

“तब तो खेलई नहीं होगा..!”

“ऐसा क्यों..?”

“क्योंकि तब सेक्युलरिज्म-सेक्युलरिज्म कहने वाले भी नहीं रहेंगे..! और न ही खिलाड़ी अलग-अलग रंगों की गोटी इस्तेमाल कर पाएंगे जो इस खेल का प्रमुख तत्व है..”

“अच्छा अब खेल समझाओ...”
“कोई जमीन तैयार करो..फिर तमाम गोटियाँ ले लो...हाँ साथ में कुछ अलग-अलग रंग भी लेना जरुरी होगा...”

“हाँ..ये चीजें हमने ले ली..आगे..”

“अब गोटियों को अपने हिसाब से अलग-अलग रंगों में रंग लिया जाए..”

“क्या प्रत्येक रंग के लिए गोटियों की संख्या बराबर-बराबर होनी चाहिए..?”

“बराबर-बराबर तो कर सकते हो..लेकिन खेल का मज़ा तभी आएगा जब एकाध रंग की गोटियों की संख्या अधिक या किसी रंग की कम हो..अलग-अलग रंगों वाली गोटियों की संख्या भी इस खेल का तत्व है...! क्योंकि इस खेल का मूल तत्व भय है जो गोटियों की एक-दूसरे से कम या ज्यादा संख्या पर विशेष रूप से निर्भर होती  है...”

“ओ.के.-ओ.के...अब आगे..”

“अब तैयार जमीन पर गोटियों को बिछा दिया जाये..”

“नहीं..ये तो बताया ही नहीं कि गोटियों को मैदान में किस प्रकार से बिछाया जाए..मेरा मतलब गोटियों को मिक्स बिछाएं या उनके रगों के समूह के आधार पर..!”

“हाँ इस पर ध्यान देना आवश्यक है..तैयार जमीन पर गोटियाँ आप दोनों तरीके से मसलन मिक्स या रंगों के समूह में, दोनों विधि से बिछा सकते हो..लेकिन दोनों तरीकों के मजे अलग-अलग हैं..मान लो विभिन्न रंगों की गोटियों को मिक्स तरीके से बिछाते हैं..तो खेल की अवधि थोड़ी लम्बी होगी..और यदि रंगों के समूह के आधार पर इन्हें बिछाते हैं तो खेलने की अवधि छोटी हो सकती है..क्योंकि तब खेल आधा ही बचता है...”

“वो कैसे...”

“वो ऐसे कि जब भिन्न रंगों की गोटियों को आपस में मिक्स करके बिछाओगे तो उन्हें अपने-अपने रंगों वाली गोटियों के समूह में लाना होगा और इसके लिए खेल के बाहर के लोगों को भी इस तरह प्रशिक्षित कर खेल का हिस्सा बनाना पड़ेगा कि वो हूटिंग-शूटिंग कर सकें...! इसी प्रक्रिया में गोटियाँ अपने-अपने रंगों वाले समूह की गोटियों में शामिल होने लगती है..यह तब-तक चलता रहे जब-तक कि पूरी तरह गोटियाँ अपने-अपने रंगों के समूहों में न हो जाएं...ध्यान रहे यह गोटियों में आपसी भय या डर पैदा करने का खेल है...और इसे बनाए रखना होगा...”

“अच्छा..! यह बताओ यदि गोटियाँ अपने-अपने रंगों के समूह में हों तो...”

“तो...एक दूसरे को उनके रंगों का भय दिखाते रहो...हाँ अब कुछ ‘सेक्युलरिज्म-सेक्युलरिज्म’ कहने वाले खिलाड़ियों को भी इसमें शामिल करना पड़ेगा...! और...जब तक इस तरह का समूह बना रहेगा..तब तक खेल का आनंद चलता रहेगा...हाँ..भय की मात्रा इस तरह निर्धारित करो कि गोटियाँ आपस में मिक्स न होने पाएं...”

“ये ‘सेक्युलरिज्म-सेक्युलरिज्म’ कहने वाले कैसे होते हैं..और इसका मतलब क्या है...”

“इसका मतलब यह है ये संख्या को भय के रूप में बदलने में माहिर होते हैं..और...यानी..कम संख्या वाले समूह को अधिक संख्या वाले समूह का भय दिखाओ...और..बीच-बीच में उसके अस्तित्व पर संकट दिखाते जाओ... यही भेड़िया है...वैसे यह भेड़िया आता कभी नहीं...! यही प्रक्रिया एक प्रकार की सेक्युलरिज्म है..”

“तो सेक्युलरिज्म का मतलब...”

“अरे मेरे भाई...अब जिन रगों के समूहों में गोटियों की संख्या थोड़ी कम हो उन्हें अधिक संख्या वाले गोटियों के समूह का भय दिखाते रहो..यही तो सेक्युलर-सेक्युलर का खेल है..और ये सेक्युलर-सेक्युलर कहने वाले गोटियों और खिलाड़ियों पर बहुत बारीक नजर रखते हैं..ये एक प्रकार का माइंड-गेम खेलते हैं..”

“ये माइंड-गेम खेलने वाले क्या रेफरी की भूमिका में होते हैं..जो गोटियों और खिलाड़ियों पर नजर रखते हैं..?”

“ये माइंड-गेम खेलने वाले कुछ-कुछ रेफरी जैसा आचरण करते दिखाई देना पसंद करते हैं..लेकिन असल में होते हैं ये भी इस खेल के खिलाड़ी ही...! इनका काम गोटियों के बीच खासकर कम रंगों की संख्या वाले गोटियों में इनसिक्योरिटी का भाव जगाए रखना जिससे ये खेल और खिलाड़ियों के बीच भी बने रहें...”

“यार..तुम तो हमको शतरंज की जैसे चालें बताने लगे...गोटियों को मिक्स ही रहने दो तो क्या फर्क पड़ता है...क्यों इन्हें हाथी, घोड़ा, शेर, बाघ में बदल रहे हो..?”

“यही फर्क पड़ेगा कि तब सारा खेल ख़त्म...!”

“अच्छा एक चीज अन्त में और बता दो..यदि हम अलग-अलग रंगों के समूहों की गोटियों को आपस में मिक्स करने का खेल खेलें तो...?”

“तो..तो..ओ..ओ.. हाँ, तब भेड़िये का डर नहीं रहेगा और खेल का मजा भी ख़त्म...!”   

“लेकिन... यह मुआ आपका खेल है बड़े दिमागदारों का खेल...!”

“तभी तो इतना दिमाग लगाने के बाद भी इस खेल को नहीं समझा पा रहा हूँ..”

--------------------------------

मंगलवार, 4 नवंबर 2014

क्या कर्म करने वाला वास्तव में खुराफाती होता है......?

        “डिप्रेशन” हाँ...उस दिन इसी विषय पर बहस चल रही थी..बहस के प्रतिभागी थे..मेरा भांजा, पिता जी और मैं स्वयं...शायद उसी दिन आमिर का इसी विषय पर ‘सत्यमेव जयते’ प्रसारित हुआ था...हालांकि मैं उसे देख नहीं पाया था...हम लोगों का विषय यही था कि आखिर डिप्रेशन किसी को क्यों होता है..? यहाँ मैं उन तर्कों का उल्लेख नहीं करूँगा जो इसके कारण के रूप में हम लोग दे रहे थे क्योंकि फेसबुक के सभी मित्र विद्वान् और चिंतनशील होते हैं..वो..इन तर्कों को जानते और समझते हैं....अतः ज्ञान बघारने की आवश्यकता नहीं..!
        खैर...बात यहीं से बिगड़ी जब पिता जी ने कहा “भाई हमें तो किसी प्रकार की चिंता और तनाव होता ही नहीं...” उनकी बात मुझे पसंद नहीं थी क्योंकि भक्ति से मुझे चिढ़ सी होती है...! अब बात कर्म और भक्ति की ओर मुड़ गई... तर्क ये भी थे कि कर्म में रत रहने वालों को ही तनाव होता है...भक्ति वाले तो हर चीज से निश्चिंत होते हैं..ईश्वर उनकी मदद करता रहता है..!
        फिर बात आई कर्म और भक्ति में कौन श्रेष्ठ है...! हम आपस में तर्कबाजी में उलझ गए...तभी मेरे भानजे ने कहा, “मामा मेरे एक विद्वान् गुरुजन ने इस विषय पर एक कहानी सुनाई थी..और कहा था कि कहानी सुनने के बाद निष्कर्ष स्वयं निकालना कि कर्म और भक्ति में कौन श्रेष्ठ है...आप भी कहानी सुनने के बाद निष्कर्ष निकालिए....! 
         
         भानजे ने कहानी सुनाना आरम्भ किया जो इस प्रकार थी...

        “एक गुरुकुल में पढ़नेवाले दो छात्र आपस में मित्र थे..एक कर्म में विश्वास रखता तथा कर्मार्जन से जीवन-यापन करता था..! और.. दूसरा भक्ति में..उसके लिए भगवन का नामस्मरण ही सब कुछ था...इसी में वह निश्चिंत रहता था..! एक दिन दोनों आपस में बहस करने लगे..एक कहता कर्म ही श्रेष्ठ है तो दूसरा भक्ति को श्रेष्ठ बताने लगता..! उन दोनों का यह विवाद उनके गुरु जी के पास पहुँच गया...गुरु जी ने एक सुबह उन दोनों को बुलाया और उन्हें एक बड़ी सी कोठरी में बंद कर दिया उस कोठरी में घुप अँधेरा था..! धीरे-धीरे कर कई घंटे बीत गए अब उन दोनों को भूख लगने लगी थी...वहाँ खाने के लिए कुछ था भी नहीं...और अँधेरे में कुछ सूझ भी नहीं रहा था..! भक्ति में तल्लीन रहने वाला मित्र जब भूख से कुलबुलाने लगा तो उसे अपने भगवान् याद आने लगे और वह उनका नाम-जप करने लगा..! इधर दूसरा मित्र भी भूख से बेचैन हो उठा था...लेकिन उसे समझ में नहीं आ रहा था कि अँधेरे में क्या करे..! हाँ उसका कर्म-भाव जागृत हो चुका था...वह यूँ ही अँधेरे में ही यहाँ से वहाँ इस कोने से उस कोने यह सोचकर हाँथ मारने लगा कि कहीं कुछ खाने को मिल जाए...अचानक...! उस अँधेरी कोठरी के एक कोने में रखे एक घड़े से उसका हाथ टकरा गया..झट से उस घड़े में हाथ डाला..हाथ में कुछ लगा..उसे घड़े से निकाल कर खाने का प्रयास किया...लेकिन...वह खा नहीं सका..उस ककड़ को उसने अपने मित्र की ओर उछाल दिया और फिर घड़े में हाथ डाला..अबकी बार फिर कुछ हाथ लगा और उसे मुट्ठी में ले मुँह में रखा..अरे वाह...! शायद यह चना था..| इस प्रकार यदि उसके हाथ ककड़ लगता तो उसे वह मित्र की ओर उछाल देता और यदि चना मिलता तो उसे खा लेता...धीरे-धीरे उसकी भूख शांत हो गयी और वह अपने स्थान पर आकर आराम से सो गया..
        ...अब दूसरा दिन...उस कोठरी का दरवाजा खुला गुरूजी उन दोनों के सामने खड़े थे...गुरूजी ने उन दोनों से हाल-चाल के साथ ही उनके भूँख के बारे में भी सवाल किया तो कर्म में विश्वास करने वाले शिष्य ने तपाक से जबाव दिया कि “गुरु जी मैंने तो किसी तरह घड़ा खोज उसमें रखे चने से अपनी भूँख शांत कर ली है...” अब गुरूजी ने दूसरे शिष्य से पूंछा तो वह कुछ नहीं बोला..अपनी बंद मुट्ठी गुरु जी के सामने खोल दी...दोनों मित्रों की आँखे चौंधिया गयी..क्योंकि मुट्ठी में अशर्फियाँ थी...!
        ...फिर गुरु जी ने कहा कि अब तुम दोनों सोचो कि कर्म और भक्ति में कौन श्रेष्ठ है..!”
      
       भानजे ने यह कहानी यहीं पर समाप्त करते हुए कहा, “मामा अब आप बताएं कि इन दोनों में कौन श्रेष्ठ है..!” 
        मैं भी पशोपेश में पड़ गया..क्योंकि यहाँ एक भूखे मित्र के हाथ में अशर्फियाँ तो दूसरे मित्र ने अपने प्रयासों से अपना भूख शान्त कर लिया था...! फिर कुछ सोचकर मैंने भांजे से पूंछा, 
       “क्या गुरूजी ने यह नहीं बताया कि कर्म और भक्ति में कौन श्रेष्ठ है..?” भांजे ने कहा, “नहीं..उन्होंने भी इसे हम पर छोड़ दिया|”
       मैंने कहा, “..यहाँ कर्म ही श्रेष्ठ है..क्योंकि इसी के बिना पर उसकी भूख शांत हुई...अशर्फियों से तो भूख शांत नहीं होती..!” 
          हलांकि, मैं पहले ही कर्म को भक्ति से श्रेष्ठ बताया था..इसीलिए इस कहानी को सुनने के बाद भी मैंने अपने इसी तर्क को आगे बढ़ाया..लेकिन अशर्फियों के लालच में मैं रह-रह कर इस संबंध में अपनी धारणा बदलने के लिए प्रेरित हो रहा था..! और इसी क्रम में मेरा भी भक्ति की ओर झुकाव बढ़ने लगा क्योंकि यहाँ तो बिना कुछ कर्म किए ही अशर्फियाँ हाथ लगी थी...!
         फ़िलहाल मैं अपने तर्क को संशोधित करने के प्रयास में ही था कि पिता जी गीता का श्लोक बोल पड़े, “कर्मनेवाधिकारास्ते मा फलेषु कदाचनः...” मैं अपने दिमाग पर जोर डालना शुरू किया कि किसे श्रेष्ठ सिद्ध करे लेकिन इस श्लोक का मुझ पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा तथा मैं स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुँच पा रहा था...चूंकि अशर्फियों का लालच मन में था ही इसलिए अब मैं कर्म में खोट खोजने लगा...मैं सोचने लगा...
      “यदि कहीं अशर्फियों की जगह वास्तव में मित्र की मुट्ठी से कंकड़ ही निकलता तो दोनों मित्रों के बीच भविष्य में होने वाले महाभारत की पटकथा लिख गयी होती...! और...वह कर्मवादी मित्र अब अपने अज्ञान पर भी पछता रहा होगा..काश..! मैं उसे कंकड़ न समझता तो भूख तो शान्त हुई ही थी..अशर्फियाँ भी हाथ आ जाती...| उसके कर्म में जरूर कुछ न कुछ कमी रह गयी जिसके कारण वह घड़े में अशर्फियाँ होने के ज्ञान से वंचित हुआ...! जरुर उस कर्मवादी मित्र ने यही सोचा होगा...|”
        जैसे ही मेरे विचार में यह सब आया मैं अशर्फियों के लालच में बोल पड़ा.. “पूर्ण ज्ञान के साथ कर्म करना चाहिए..और इस रूप में ही कर्म भक्ति से भी श्रेष्ठ होती है..!” इतना कह कर मैं चुप हुआ ही था कि भानजा पूँछ बैठा, “वो कैसे मामा...!”
        मैने अपने मन की चोरी अर्थात दिमाग के खुराफात को छिपाते हुए उत्तर देने से बचने का प्रयास करने लगा...आकस्मात..! यह सब सोचते-सोचते मैं सोच बैठा...
         "क्या वास्तव में कर्म करने वाला खुराफाती होता है..?” तभी बीमार माँ को देखने डॉक्टर साहब आ गए और हमारी वार्ता समाप्त हो गयी..तथा मैं उत्तर देने से भी बच गया...!

         अब इस बारे में आप भी सोचिए....
           ------------------------------------------------

मंगलवार, 21 अक्टूबर 2014

शायद दीपक जल चुका था....!

       
         “क्या बात है भाई जी.. ऐसे उदास क्यों बैठे हो...?”

         “उदास कहाँ हैं...!”

         “अच्छा ठीक है..! उदास नहीं हैं तो सोचनीय सी मुद्रा में क्यों बैठे हैं...?” मित्र की ओर कौतूहल से देखते हुए मैंने पूँछा। 

         “क्या बताएं यार..जानते ही हो दिपावली आ गयी है..” मित्र ने मायूसी के अंदाज में कहा। 

         “तो...फिर धूम-धड़का जैसे पटाखे का अंदाज होना चाहिए..! इस तरह शान्त हो मुँह लटका कर तो नहीं बैठना चाहिए..” कहते हुए मैंने प्रतिक्रिया जानने की उत्सुकता में एक तिरछी दृष्टि उन पर डाली। 

           “कौन सा पटाखे का अंदाज बनाएं...बाद में जो गोला-बारूद झेलना होगा उसका क्या होगा..?” कुछ सोचते हुए  ने फिर कहा, “हाँ...! सच कह रहे हो...यही सोचकर उदास हूँ..!” मित्र जी एकदम जैसे पटाखे की तरह फटे हों। 

         “ऐसे बोल रहे हो जैसे आपको भारत-पाकिस्तान के बार्डर पर जाना हो..! और फिर...जाना भी पड़े तो ख़ुशी-ख़ुशी जाना चाहिए...इसमें भी लोग उदास नहीं होते..यही तो देश-भक्ति है..! लेकिन..यह गोले-बारूद का डर कहाँ से आ गया है कि दीपावली की फुलझड़ियाँ भी फुस्स किए दे रहे हो....!” मैं माहौल को कुछ हलका करने की प्रत्याशा में अपनी बात पूरी की। 

           “भईया मेरे..! भारत-पाकिस्तान के बार्डर पर जाना...गोला-बारूद खाना तो बहुत आसान लग रहा है चाहे कोई इसे देश-भक्ति माने या न माने..! लेकिन...मैं उस...गोले-बारूद की बात नहीं कर रहा हूँ...फिर मैं कौन सा बार्डर सिक्योरिटी फोर्स का जवान हूँ कि बार्डर पर जाना है..” मित्र महोदय ने कुछ व्यंग्यात्मक लहज़े में यह बात कही। 

          “वो तो मैं जानता हूँ कि तुम कौन से बी.एस.यफ. के जवान हो...लेकिन यह दिवाली बाद गोला-बारूद झेलने की बात कहाँ से आयी..!” दोस्ताना अंदाज में बात की तह में पहुँचने की मैंने कोशिश की। 

          “बी.एस.यफ. के जवान ही गोला-बारूद नहीं झेलते...हम सब भी अपने-अपने तरीके से इसे झेलते है...” मित्र ने कुछ रहस्यात्मक ढंग से कहा। 

           “यार...! मैं समझा नहीं...!” मेरे आवाज में उत्सुकता थी। 

          “देखो..दीपावली है..कर्ट्सी में अपने बड़ों से मिलना होता है कि नहीं...? कुछ गिफ्ट-विफ्ट का पैक तो ले जाना ही पड़ता है...क्योंकि बड़ों की अपेक्षा कुछ ऐसी होती भी है..|” मित्र नें मेरी आँखों में झाँकते हुए ‘बड़ों’ शब्द पर कुछ व्यंग्यात्मक बल देते हुए से कहा। 

          “हाँ..हाँ..भाई...! जब दीपावली जैसे त्यौहार पर किसी अपने बड़े से मिलना होता है तो खाली हाथ थोड़े ही न मिला जाता है...और किसको मिलना अच्छा नहीं लगता..!” किसी विषय-विशेषज्ञ की भांति मैंने कहा। 

           “भाई मेरे..! यहीं से तो मेरी प्रॉब्लम शुरू होती है....!” कुछ परेशान सी मित्र की आवाज थी। 

           “इसमें प्रॉब्लम...?” मैंने पूँछा

           “भाई..क्यों मिलूँ...और क्या सोचकर मिलूँ...? रही बात गिफ्ट की..तो जैसे-तैसे गिफ्ट भी दे सकता हूँ...लेकिन..आखिर ऐसा क्यों किया जाए..यही सोच-सोच कर मेरा टेंशन बढ़ जाता है...क्या यह सोचकर किया जाए कि अगला मुझसे खुश रहे...? या यह वास्तव में उसके प्रति मेरी शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति हैं..! या..कि अपना वह बड़ा..! हमारे प्रति शुभकामनाएँ रखे इसलिए उससे शुभकामनाओं का यह लेन-देन रखा जाए...और..यही मेरी समस्या है...अंतरात्मा यहीं पर मुझे ऐसा करने से रोकती है..!” मित्र बोलते समय थोड़ा चिन्तित लग रहे थे। 

            “अरे..भाई..! जरा सोचो...जब कोई हमसे मिलने आता है तो हमें अच्छा लगता है कि नहीं...? वैसे ही जब हम अपने बड़ों से मिलेंगे तो उन्हें भी तो अच्छा लगता होगा...फिर..अनजाने भी तो उलटे-सीधे काम हमसे हो जाते हैं...कोई दूध के धुले हम थोड़े ही हैं...कम से कम मिलने-जुलने से नाहक परेशानी तो दूर रहेगी...” मैंने यह कहते हुए जैसे इस संबंध में अपना व्यावहारिक ज्ञान बघारा..!

           “हाँ..हम अपने को दूध के धुले तो नहीं कह सकते...इसके लिए हम तमाम स्थितियों-परिस्थितियों को भी जिम्मेदार मान सकते हैं...लेकिन...कम से कम ऐसी स्थितियाँ बनती रहें इसके लिए तो हम प्रयास नहीं कर सकते..! रही बात कोई हमसे मिले यह हमें अच्छा लगता है...लेकिन...कोई हमसे क्यों मिलने आ रहा है यह भी महत्वपूर्ण है क्योंकि बिना मतलब के कोई मिलने से रहा...! ..मिलकर वह हमें मिलने के अहसान से कर्जदार भी बना देता है..और..चलो फिर उसका कर्ज उतारो..! ऐसा मिलना क्या मिलना...समझे...!” मित्र महोदय ने ऐसा उड़ेल दिया कि एक बारगी मेरे पल्ले ही नही पड़ा


           “इसका मतलब तुममे एक मानवीय और सामाजिक दृष्टिकोण नहीं है तभी इसको इस नजरिए से देखते हो...” मैंने कुछ तीखे होते स्वर में बोला.

           “अच्छा....! अब तुम इस मिलने-जुलने के कार्यक्रम को सामाजिकता और मानवीयता से भी जोड़ दिए हो...! वाह मेरे भाई..वाह..! इसी मानवीयता और सामाजिकता में तुम्हारा वह भाव...! क्या कहा था...? हाँ...दूध का धुला...उलटे सीधे काम हो जाना..इस डर से ही तुम्हारी यह सामाजिकता और मानवीयता यहाँ जीवित हुई है..! अरे भाई...तुम्हारी यह गिरोहबंदी वाली सामाजिकता और इसे फलने-फूलने देने वाली मानवीयता मेरे समझ में नहीं आती...!” 

           मित्र ने मेरी किसी प्रतिक्रिया की अपेक्षा नहीं की..और पुनः कहना प्रारंभ कर दिए.... 

          “जानते हो ऐसे रिश्तों को निभाने के लिए हमें कितना असामाजिक और अमानवीय होना पड़ता है...कुछ अनुमान है...? हाँ ऐसे रिश्तों के लिए गरीब की थाली की रोटी छीनना ही नहीं उस पर डकैती डालनी होती है...उसे झोपड़ी में ही रहने के लिए मजबूर किये रहना पड़ता है...और...जिस समाज के लिए हमारा यह समाज मतलब गिरोह बना है, उस समाज को भगवान् के रहमों-करम पर उसे उसी के हाल पर ही छोड़ देना पड़ता है....और..न जाने क्या...क्या करना पड़ता है...तुम्हारी इस सामाजिकता और मानवीयता के लिए...तभी तुम्हारी यह सामाजिकता जश्न मना पाती है!” अब मित्र का स्वर तीखा हो चला था…। 

          “यार..! तुमसे बात करना मतलब दिवार पर सिर मारने जैसा ही है...तुमसे दोस्ती भी खतरनाक है...! खैर...ये बताओ ये गोला-बारूद से डरने की बात कहाँ से आ गयी..!” मैंने मित्र को लगभग कुरेदा..!

        “अच्छा...! मेरी दोस्ती खतरनाक है....वाह..! सही कहा तुम्हारे लिए मेरी यह दोस्ती खतरनाक तो होगी ही...! मैं आसामाजिक जो ठहरा...!” उन्होंने जैसे मुझ पर कटाक्ष करते हुए कहा हो..!

        “नहीं भाई मेरे कहने का वह अर्थ नहीं...” मैंने सफाई देने के प्रयास में कहा..|

        “नहीं सफाई देने की आवश्यकता नहीं..ये जो तुम्हारा नव वर्ष..होली..दीपावली जैसे त्यौहार हैं और इसे मनाने के लिए हमारे गिरोह के लिए जो पैमाने नियत हैं वही मेरे लिए गोला-बारूद हैं और इसे झेलते हुए मैं तुम्हारे लिए वास्तव में खतरनाक सिद्ध हो सकता हूँ...!” मित्र का स्वर पता नहीं क्यों थोड़ा रोषयुक्त था..!

         “मैं समझा नहीं..!” आकस्मात मेरे मुँह से निकला। 

         “समझाता हूँ...” कहते हुए मित्र ने आगे कहना प्रारंभ किया....

         “अपने ऐसे ही विचारों के कारण मैंने तुम्हारे इस गिरोह की रीति-नीति का पालन नहीं किया था..! उस ‘बड़े’ की दीपावली और नववर्ष तथा होली बिना मेरी शुभकामनाओं के ही बीत रही थी...बस फिर क्या था..! उसने मुझे सबक सिखाने की ठान ली..औंर..मन भर गोला-बारूद मुझ पर चलाया...तरह-तरह के आरोपों..अपशब्दों..प्रताड़नाओं...जांचों..परीक्षणों से गुजरता रहा...लेकिन मैं भी ठहरा हेहर..! तनिक भी उफ़ तक नही किया...! फिर तुम जैसे साथियों के लिए भी मैं खतरनाक हो गया था...कुछ तो मुझ पर हँसते भी थे...! मेरे साथ वे उस बड़े की नजर में न आएं इसलिए तुम जैसे मित्र मुझसे कन्नी काटने लगे थे...! क्योंकि उन्हें भी नुकसान उठाने का भय हो जाता था..और गिरोह से बहिष्कृत कर दिए जाने का भी भय सताता था !”
         
         फिर उन्होंने मेरी ओर देखते हुए कहा,
         
         “यही कारण है कि मुझे प्रत्येक वर्ष आने वाले इस होली, दीपावली और नववर्ष के बाद गोला-बारूद झेलने का भय सताने लगता है..और...तुम जैसों के लिए असामाजिक हो जाने का भय भी...और आज के दिन की उदासी का कारण भी यही है...लेकिन क्या करूँ अन्तरात्मा की आवाज को ज्यादा दबा नहीं पाता..और..इसी कारण तुम्हारे इन त्योहारों पर मैं हर वर्ष उदास हो जाता हूँ!”

          मित्र ने यह कहते हुए जैसे मेरी प्रतिक्रिया जानने के लिए मुझ पर निगाह डाली..!

         “तुम्हारे इस अंतरात्मा की आवाज की ऐसी की तैसी...इसे इतना अपने सिर न चढाओ...! नहीं तो ऐसे ही भोगोगे...!”

           मैंने अपना यह वाक्य पूरा ही किया था कि आकस्मात अपने स्थान से खड़े हो मित्र ने लगभग मेरी ओर झपटते हुए से अपने दोनों हाथों से मेरा कॉलर पकड़ कर झकझोरने लगे और बहुत ही तल्ख़ स्वरों में बोले। 

         “क्या कहा अंतरात्मा की ऐसी की तैसी...? .....लेकिन...तुम मुरदे लोग क्या सुनोगे इस आवाज को...!” कहते हुए मित्र ने धीरे-धीरे मेरे कॉलर की पकड़ को ढीली कर दी और अंत में उसे छोड़ अपनी कुर्सी पर पुनः शांत भाव से बैठ गए। 

          इधर मैं हक्का-बक्का सा कुछ समझ ही नहीं पाया कि क्या हो गया...फिर..मित्र ने धीरे से मेरी ओर अपना हाथ बढ़ाया और मेरे बेतरतीब हुए शर्ट और इसके कॉलर को अपने दोनों हाँथों ठीक करने लगे...मैं थोड़ा संयत हो चुका था...पता नहीं क्यों मित्र अब बहुत ही शांत हो चुके थे...इधर मैंने अपना दाहिना हाथ उनके कंधे पर रख दूसरी ओर खिड़की की तरफ मुँह फेर लगभग डूब रहे सूरज को देखने लगा था...!
        
        आचानक मैं मित्र से बोल पड़ा,

        “यार कमरे में अँधेरा छा गया है बिजली भी अभी नहीं आई है कैंडिल तो जला दो...!”

        “मेरा मन उठने का नहीं है...तुम्हीं जला दो...” कंधे पर रखे मेरे हाथों को अपने हाथों से धीरे से दबाते हुए शांत भाव से मित्र ने कहा। 

        “नहीं मुझसे नहीं होगा...माचिस तुम्हीं ढूंढ पाओगे...!” मैंने भी उसी शांत भाव से उत्तर दिया। 

          अब वे उठ चुके थे..शायद माचिस खोज लिए थे..सर्र की आवाज हुई...इधर मैंने अपनी आखें बंद कर ली थी..लेकिन मेरे पलकों के भीतर एक रोशनी का अहसास हो रहा था...शायद दीपक जल चुका था...!

                       ----------------------------------------

मेरे और मेरी पत्नी के बीच का संवाद.....


“हलो..हलो...हलो...”

“हाँ...हाँ...बोल तो रही हूँ...बोलो क्या बात है...?”

“अरे..! तुम तो करवां-चौथ नहीं रहती हो...?”

“कहाँ से यह ध्यान आ गया कि मैं करवां-चौथ नहीं रहती हूँ...! क्या कोई नई बात है क्या..?”

“नहीं मैं इसलिए पूँछ रहा था कि आज करवां-चौथ के ब्रत की बड़ी चर्चा हो रही है...! और...अखबारों, टी.वी. और..और..मेरा मतलब..हर जगह करवां-चौथ मनाती सजे-धजे वस्त्रों में लोगों की तस्वीरें दिखाई दे रही है...!”

“अच्छा तो ये बात है...! फिर ये बताओ इस ब्रत को रहने के लिए गहनों की तो बात छोडिए कम से कम एक नई साड़ी की आवश्यकता पड़ेगी...क्योंकि नई साड़ी पहन कर ही छलनी से तुम्हें देखूंगी....मतलब चाँद को भी..! और..हर साल यह ब्रत रहूंगी तो हर साल एक नई साड़ी लानी पड़ेगी...! फिर, एक बात और है...तुम अपने काम में इतना व्यस्त रहते हो कि तुम्हें इस दिन भी छुट्टी नहीं मिलेगी जबकि..पति ही पानी पिला कर ब्रत समाप्त कराता है..!”

“इसका मतलब तुमको पति से प्रेम नहीं साड़ी से ही प्रेम है...सज-धज कर ही ब्रत रहोगी तो रहोगी नहीं तो नही...?”

“सुनो..! हमको ज्यादा प्रेम-व्रेम न सिखाओ..! याद है...! कुछ याद है कि...हमारी शादी कब हुई थी...? मैं चौदह वर्ष की रही होउंगी...हाँ...तब मेरा गौना भी नहीं आया था..और..मैंने तुमको देखा भी नहीं था..! हाँ.., तब से मैं तीज का ब्रत रहती आई हूँ...और आज भी रहती हूँ...! वह भी तो पति के लिए ही रहा जाता है...!”

“हाँ हम लोगों की तरफ तीज ही रहा जाता है...लेकिन..यार ये बताओ इस ब्रत में नयी साड़ी नहीं पहना जाता क्या..?”

“क्यों नहीं पहना जाता..?”

“लेकिन मुझे ध्यान आता है..कभी मैं ब्रत के लिए तुम्हें साड़ी नहीं ले आया..!”
“अरे..! तुम साड़ी लाओ तभी मैं ब्रत रहूँगी...? भईया आते-जाते नयी साड़ी दिए रहते है...तीज ब्रत में वही साड़ी पहन लेती हूँ...वैसे तुम तो जानते ही हो मेरी साड़ियों में रूचि नहीं रहती..!”

“लेकिन यार मुझे तो पता ही नहीं चलता...”
“तो क्या यह बताने की चीज है..? या..कि कोई प्रदर्शन करना है...?”
 
 करवां-चौथ के दिन का यह संवाद मेरे और मेरी पत्नी के बीच का है...!
               --------------------------

रविवार, 28 सितंबर 2014

मेरे स्कूटर पर दूल्हे राजा.....!

         बात उन दिनों की है..तब मैं इंटर का छात्र हुआ करता था..भविष्य की चिंता से मुक्त एक प्रकार की निश्चिन्तता और मस्ती भरे दिन गुजर रहे थे..! मैं..कभी-कभी अपने विजय-सुपर स्कूटर से विद्यालय चला जाया करता था...कालेज के मित्रों के बीच कभी मेरे स्कूटर से कालेज आने की आलोचना होती..तो..कभी मेरी इस बात पर आलोचना होती कि...मैं अकसर अपने स्कूटर पर पीछे उस छात्र को बैठाकर क्यों चलता था जो गरीब होने के साथ ही तथाकथित ऊँची जाति का नहीं था...लेकिन मैं..इन आलोचनाओं पर न तो ध्यान देता और न ही इन बातों की परवाह करता...
          मेरी ऐसी ही आलोचनाओं में अग्रणी भूमिका निभाने वाले मेरे एक मित्र की शादी तय हो गयी...उस दिन उन्होंने बड़ी ही प्रसन्नता से बताया था, “यार मेरी शादी तय हो गयी है..! मई में बारात चलना होगा..और हाँ अपने स्कूटर से चलना..” उस समय मुझे प्रतीत हुआ कि जैसे वे मुझे नहीं मेरे स्कूटर को अपने बारात में चलने का निमंत्रण दे रहे हों...! खैर..जो भी रहा हो..मैंने उनकी बारात में चलने के लिए हामी भर लिया था..., हाँ..उन्होंने हम दोनों के बीच के एक कॉमन मित्र को भी उसी समय निमंत्रित किया और मुझे इस बात के लिए ताकीद किया कि इन्हें भी अपने साथ लाना होगा..हम दोनों उनकी बारात में चलने के लिए उत्साहित भी थे। 
        मित्र के विवाह का दिन आ गया...किसी तरह.…घर से अनुमति लेकर..हम दोनों बारात में शामिल होने के लिए स्कूटर से निकल पड़े। करीब पचीस किलोमीटर की दूरी तय करते हुए हम उस स्थान पर पहुँचे जिसके आस-पास के ही किसी गाँव में बारात को पहुँचना था। मैंने स्कूटर रोक दिया..और.…सिर घुमाते हुए कॉमन मित्र से पूँछा, “यार किस गाँव में चलना है..?” उन्होंने जवाब दिया, “मुझे तो नहीं मालुम..!” मैं भी अजीब बुद्धू निकला...मार्कंडेय को भी नहीं पता...! उस समय मैं कुछ-कुछ यही सोचने लगा था..। हाँ.. मेरे कॉमन मित्र का नाम मार्कंडेय ही था...! घर से चलते समय मैंने बारात के गंतव्य स्थल के बारे में इसलिए विशेष जानने की कोशिश नहीं की थी कि मार्कंडेय को पता मालुम होगा। खैर, अब हम दोनों थोड़ा सा परेशान हो गए थे...। फिर हमने तय किया कि आगे इस रास्ते पर बढ़ते हुए यदि कहीं कोई बारात आयी हो या आनेवाली हो तो पूँछ लिया जाये...। 
       हम थोड़ा आगे बढ़े ही थे कि एक सजा-धजा घर दिखाई दे गया.., पूँछने पर बताया गया कि यहाँ बारात तो आनेवाली है..! पर वह हम लोगों वाली बारात नहीं थी..। फिर हम लोग लगभग एक किमी आगे बढ़ गये...यहाँ तो सड़क के किनारे कोई बस्ती ही नहीं थी.…! जो बस्ती या गाँव दिखाई पड़ रहे थे वे उस सड़क के दोनों ओर आधा से एक किलोमीटर की दूरी पर थे...हम वहाँ स्कूटर रोक कर खड़े हो गए थे और सड़क के दोनों ओर दूर स्थित बस्तियों पर निगाहें दौड़ाने लगे..दूर..कई जगहों पर लाइटें टिमटिमा रही थी...! हम दोनों सोचने लगे कि क्या किया जाए..फिर हमने तय किया कि उन प्रकाश-स्थलों पर चलकर पता किया जाए शायद हमारी वाली बारात मिल जाए..क्योंकि..उस दिन की लगन बहुत तेज थी कई स्थलों पर बारात आई हुई लग रही थी..। पुनः स्कूटर स्टार्ट कर हम एक निकट के स्थल की ओर चल पड़े लेकिन वहाँ बताया गया कि यहाँ किसी और की बारात आने वाली थी...। अब शाम का धुंधलका छाने लगा था...मायूस हो हम वहाँ से लौट पड़े..और दूर दिखाई पड़ रहे रोशनी स्थल तक जाने का निर्णय लिया गया..। हालाकि वहाँ की दूरी लगभग एक से डेढ़ किमी की रही होगी..किसी तरह वहाँ पहुँचे तो गाँव के बाहर ही बारात मिली और बाराती शायद द्वारचार के लिए वहाँ तैयार हो रहे थे...लेकिन वहाँ भी वही..! वह बारात भी हमारी वाली नहीं थी...! अब हम लोग पूरी तरह से निराश हो चुके थे। कारण...एक तो किसी नजदीक स्थल पर कोई रोशनी नहीं दिखाई दे रहा था कि वहाँ चल कर पता किया जाता और दूसरा सबसे बड़ा डर मुझे इस बात का सता रहा था कि मेरे स्कूटर में स्टेपनी भी नहीं थी..! यदि पहिया पंचर हो गया तो मैं क्या करूँगा...! क्योंकि जिस स्थल पर हम लोग थे वह किसी छोटी-मोटी नदी का क्षेत्र था जहाँ बबूल के पेड़ की बहुतायत थी और बने हुए खोरी में चलते हुए उनके काँटों से स्कूटर पंचर हो जाने का डर इस अँधेरे में गहरा गया था..। मैंने मित्र मार्कंडेय से सामने दिखाई दे रहे एक टीले पर चढ़ कर रोशनी तलाश करने के लिए कहा...। इसी बीच एक बाराती गहराती रात का हवाला देते हुए हमारे पास इस अनुरोध के साथ आया कि हम चाहें तो उसके बारात में शामिल हो सकते हैं..उसकी भी इज्जत थोड़ी बढ़ जाएगी...! हाँ उस दौर में दो-पहिया वाहन भी कम ही होते थे..किसी बारात में दो-चार ऐसे वाहन होने पर शान की बात समझा जाता था। 
        एक बारगी तो मेरे मन में आया कि उस बारात में शामिल होने के लिए हाँ कह दूँ..क्योंकि अगर बिना बारात किए ही घर लौटा तो घर वालों को क्या उत्तर दूँगा कि क्यों लौट आया...और.…यदि यह कारण बताया तो अपनी बेवकूफी सिद्ध कर दूँगा। इसी बीच मेरे मित्र टीले पर चढ़ कर लौट आये थे...आते ही उन्होंने बताया कि काफी दूर उस ओर एक रोशनी दिखाई तो दे रही है..! लेकिन तमाम आशंकाओं के बीच मैं थोड़ा परेशान सा हो गया था.…इसलिए मार्कंडेय भी वहाँ चलने का जोर नहीं दे पा रहे थे। उसी समय साईकिल से एक राहगीर गुजरा..वह हम लोगों को देखकर रुक गया..शायद वह निमंत्रण दे कर लौट रहा था और उसी इलाके का भी था। उसने हम लोगों से मित्र द्वारा टीले पर चढ़ कर देखी गयी रोशनी की ओर इशारा करते हुए कहा कि शायद वह बारात आप ही लोगों की तरफ से आई है..! एक बार आप लोग वहाँ जाकर पता कर लीजिए...। अब हम लोगों के लिए उस राहगीर की बात में एक आशा की किरण झलकी...वहाँ तक चलने का निश्चय किया गया। 
       हम वहाँ पहुचे ही थे की एक परिचित दिखाई दे गए और वे हमे देखते ही पूँछ बैठे, “अरे भाई..आप लोग कहाँ रह गए थे...राकेश आप लोगों का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं...” अब हमारे जान में जान आई और साथ में ही बेवकूफियों पर पटाक्षेप भी हो गया। जनवासे में देखा...राकेश जी आराम से मसनद पर पीठ टेके हुए दूल्हे की वेशभूषा में बैठे हुए थे...! हम लोगों को देखते ही वे जैसे उछल पड़े..कुछ देर उनके पास बैठा गया उनकी शिकायत आई कि द्वारचार के समय हम लोग क्यों नहीं पहुँच पाए, बीच में मार्कंडेय ने सारी कहानी बताई..। थोड़ी हँसी हुई फिर हम लोग सामान्य हो गए...इस समय बारात को खाना खिलाने की तैयारी हो रही थी..क्योंकि अब तक रात के लगभग साढ़े दस बज चुके थे…! खाने की व्यवस्था लड़की वालों के दरवाजे पर ही था...आजकल के बफर सिस्टम जैसा नहीं था। खाना खाने के बाद मैं जनवासे में आ गया था और राकेश विवाह मंडप में चले गए थे...विवाह की रस्में पूरी होने के बाद ही उन्हें खाना था। 
         जनवासे में आते ही मुझे गहरी नींद आ गयी...आधी रात के बाद किसी ने मुझे जगाया...जगाने वाले ने बताया कि कार का ड्राइवर कहीं चला गया है इसलिए मुझे ही अपनी स्कूटर से दूल्हे को विवाह मंडप से ले आना है। मैं उनींदे ही स्कूटर लेकर लड़की वालों के दरवाजे पर पहुँच गया...! गरमी के दिन थे ही उस समय आंधी आने की सम्भावना बन रही थी...और हवाएँ तेज चल रही थी...! दूल्हे के लिबास (तब जोड़ा-जामा प्रचालन में था) में राकेश मेरा इंतजार कर रहे थे...मैं वहाँ पहुँचा..मैं स्कूटर पर उन्हें बैठा कर गाँव के किनारे के रास्ते से निकलने लगा..उस कच्चे रास्ते के एक ओर घर थे तो दूसरी ओर लोगों के खेत फैले हुए थे...और घरों से पानी निकालने की नाली उस कच्चे रास्ते को जगह-जगह से काट रही थी। ऐसी ही एक-दो नालियों को मैं क्रास किया..उस समय धूल भरी आँधी चलने लगा था..और.…तेज धूल भरी हवाओं से बचने के प्रयास में मैं ऐसी ही एक नाली को नहीं देख पाया..! मेरा स्कूटर जोर से उछल गया.…! किसी तरह मैं उसे संभालते हुए आगे बढ़ गया...
       कुछ आगे मैं बढ़ा ही था कि मुझे आवाज सुनाई दी, “अरे भाई...विनय..!” आवाज जानी-पहचानी थी..मैंने पीछे मुड़ कर देखा..मैं हतप्रभ..! दूल्हे राजा मेरे स्कूटर पर नहीं थे...! हाँ..वह उसी नाली के पास स्कूटर उछलने और स्टेपनी न होने के कारण गिर पड़े थे...! जैसे-तैसे मैंने स्कूटर रोकी मुझे चिंता हुई कि दूल्हे बने राकेश को कहीं चोट तो नहीं आई...मैं उनकी ओर बढ़ा...! मेरे उनके पास पहुंचते-पहुंचते वे पता नहीं क्यों...चकरोड के किनारे के खेतों की ओर दौड़ पड़े....मैं कुछ समझ पाता उसके पहले ही मैंने देखा कि वे हवा में उछल-उछल कर जैसे कुछ पकड़ रहे थे...और बोलते जा रहे थे.. “विनय भाई ये उड़ा...देखिए...उधर गया...” तब तक एक पचास रूपए का लहराता हुआ नोट हवा में मेरे आगे से गुजरा...मैं लपक कर उसे पकड़ लिया...आँधी वाली हवा तेज थी...इसी बीच उन्होंने बताया कि गिरने से, उनके नोट जो शगुन आदि में मिले थे, हाथ से छूट गए थे...! वही हवा में उड़ रहे थे...फिर मैंने कई उड़ते नोटों को पकड़ा...! अब हम दोनों दूर-दूर तक खेतों में नोट ढूंढ रहे थे....मैंने सोचा कि नोट खोजते और इस तरह उछल-कूद करते कोई घराती न देख ले...अँधेरा था...लेकिन चन्द्रमा के प्रकाश की सहायता से लगभग सारे नोटों को हम लोग खोज लिए थे...! मैंने मित्र दूल्हे से पूँछा, “देखो पूरे हुए कि नहीं..” उन्होंने हाथ में लिए नोटों को मुट्ठी में मोड़ते हुए कहा. “हाँ इतना ही मोटा तो था...” मुझे थोड़ी हँसी आ गयी..और पूँछ बैठा, “गिने थे कि नहीं...?” “अरे यार गिनने का मौका कहाँ था...” आगे उन्होंने फिर कहा.. “तुम भी तो सो गए थे...!”
     तभी एक टार्च की रोशनी हम लोगों पर पड़ी..! वे हमारे पास आये बोले “क्या बात है..?” वह घराती थे..! तब-तक हम सामान्य हो चुके थे...मैं लगभग इस अंदाज में यह सोचकर बोला कि हम लोगों के साथ क्या घटी है वह भांप न पाए, “भई आपके यहाँ बारात आ रही है और आप लोगों में इतनी भी सभ्यता नहीं कि कम से कम रास्ते की इन नालियों को आज के लिए ही समतल कर दें बच गए नहीं तो हम गिर पड़ते...!” यह कह मैं दूल्हे का मुँह देखने लगा..तभी उन्होंने टार्च की रोशनी नाली की ओर मारी..वहाँ उन्हें कुछ दिखा..पचास रुपये का एक नोट उन्हें वहाँ गिरा पड़ा मिला..! इस पर मैंने उन्हें बताया कि स्कूटर उछलने से मेरा पर्स जेब से गिर गया था..शायद यह नोट पर्स से गिर पड़ा था...मैं घराती महोदय को यह समझा ही रहा था कि बीच में ही दुल्हे जी बोल उठे... “अरे टार्च है...! हो सकता है आपके पर्स के और नोट खेतों की ओर न उड़ गए हों..” मित्र बने दूल्हे की ओर देख मैं हलके से मुस्कुरा दिया और उन सज्जन से खेत की ओर इशारा करते हुए बोला, “हाँ..हाँ..जरा अपनी टार्च से थोड़ा खेतों में भी देख लें कहीं कोई और नोट हवा में उड़ यहाँ तक तो नहीं आ गया है..?” फिर हम तीनों टार्च की रोशनी में उड़े हुए नोट खोजने लगे...इस प्रयास में शायद एक-दो नोट और मिले थे। फिर वापस आकर हम स्कूटर स्टार्ट कर जनवासे की ओर चल पड़े.. मेरे कान के पास मुँह लाकर मित्र दूल्हे ने कहा, “चलो यार कम से कम सभी मिल गए..”
     मुझे अब हँसी आने लगी थी..किसी तरह मैं अपनी हँसी रोके हुए था.....
                            ----------------------   

रविवार, 3 अगस्त 2014

ये 'तथाकथित' क्यों हो गए हैं...!

      आजकल एक विवाद छिड़ा हुआ है...लाउडस्पीकर को लेकर...तथाकथित हिन्दू और तथाकथित मुसलामानों के बीच में...! यहाँ ‘तथाकथित’ शब्द का प्रयोग मैंने जानबूझ कर किया है...कारण..! वास्तव में न कोई हिन्दू हिन्दू है..! और न कोई मुसलमान मुसलमान है..! जो स्वयं को तथाकथित हिन्दू कहता है वह असल में तथाकथित मुसलामानों के सामने ही ऐसा कहता है..और तथाकथित मुसलमान भी तथाकथित हिन्दुओं के सामने ही अपने को मुसलमान कहते हैं...इसी में तथाकथित सारे विवादों का रहस्य छिपा हुआ है... यह नया-नया लाउडस्पीकर का विवाद भी इस तथाकथित में उलझ गया है...!
        बचपन के स्कूली दिनों में दादाजी के बगल में ही मेरी भी चारपाई होती थी... चूँकि दादा जी लगभग पचास साल के रहे होंगे जब मेरी दादी का देहावसान हो गया था...मैं उस समय लगभग पाँच वर्ष का रहा होऊँगा...वह मुझे अपने पास ही सुलाते थे...वह अकसर राम, कृष्ण, अकासुर-बकासुर आदि से संबंधित और ऐसी ही अन्य पौराणिक कहानियां सोने के समय मुझे सुनाया करते थे...जिसे सुनते-सुनते मुझे नींद आ जाया करती थी...मैं ही उनके अकेलेपन का साथी भी था...उनका मुझसे बेहद लगाव था...मुझे लगता..जैसे उनका हर क्षण मेरे केयर में ही बीत रहा था... खैर..जब प्रातः के लगभग चार बजनेवाले होते थे तो वह मुझे पढ़ने के लिए जगा दिया करते थे..और मैं भी चारपाई के सिरहाने पर रखी कुर्सी पर लालटेन जलाकर रख लिया करता था...और पढ़ने बैठ जाया करता था...हालाँकि पढ़ता कम था सोता अधिक था..अकसर पढ़ते-पढ़ते नींद आ जाया करती थी और उसी कुर्सी के हत्थे पर सिर टेक कर सो जाया करता और लालटेन जलती रहती..! और जब किसी कारण नींद खुलती तो दादा जी की ओर देख लेता कि कहीं दादा जी ने सोते हुए तो नहीं देख लिया..! क्योंकि उनका अनुशासन भी बहुत कड़ा था... और..जब वे कभी मुझे सोते हुए पकड़ लेते तो कहते, “का हो..नन्हकउ..सोवत हया का...सोवई क होय त लालटेन बुझाय द...” और मुझे लगता उनके यह कहने में भी मुझे पढ़ने की बात कहने का भाव छिपा होता था...खैर मैं यह कहते फिर पढ़ने बैठ जाता था...कि “नाहीं बाबू पढ़त हई...” हाँ मैं अपने दादा जी को बाबू ही कहता था|
       मेरे इस पढ़ने और सोने के बीच दादाजी का भय एक ऊहापोह बनाए रखता था...जिसके कारण यदि मुझे नींद आती तो एक छोटे से खटके में जाग जाता था...यह क्रम कुछ देर तक चलता रहता था...लेकिन स्थाई रूप से जगाने का काम दूर कस्बे के मन्दिर और मस्जिद में लगे लाउडस्पीकर की आवाज से होता था...मंदिर के लाउडस्पीकर से भजन की आवाजें आने लगती थी तो उसके कुछ देर बाद ही मस्जिद के लाउडस्पीकर से अजान की आवाजें सुनाई देने लगती थी..उसके बाद तो मैं चैतान्यावस्था में पहुँच जाता था...न जाने क्यों दूर कस्बे से आने वाली वे आवाजें बहुत प्यारी लगती थी...और मैं पढ़ता रहता था...हाँ बाद में जब मैं शहर पढ़ने गया तो मस्जिद के लाउडस्पीकर से आनेवाली अजान की उन आवाजों को मैं आज तक नहीं भूल पाया हूँ.. “सुबह के पांच बजने वाले है..” फिर “अल्लाह हो अकबर..” यही सुनकर मेरी नींद खुल जाया करती थी...और मैं भी सोचता था.. “पढ़ाई का समय हो गया है...”

       लेकिन न जाने क्यों आज ये “तथाकथित वाले” लाउडस्पीकर का झगड़ा ले बैठे हैं...जिसके शोर में वे प्यारी ध्वनियाँ कैसे सुनाई देंगी जिसे सुनकर कोई बच्चा बिना अपने दादा जी के भी सुबह-सुबह उठ बैठे और “पढ़ने का समय हो गया है..” सोचते हुए पढ़ने बैठ जाए..! सोचता हूँ..! इन तथाकथितों को मेरे दादा जी जैसा प्यार देने वाला कोई नहीं मिला था...शायद तभी तो.. ये 'तथाकथित’ हो गए हैं...! .....आमीन...!                   

शुक्रवार, 25 जुलाई 2014

पहुँचे हुए बाबा जी....!

         आजकल मित्र महोदय का व्यवहार कुछ-कुछ बदला सा है...कर्मकांड जैसी धार्मिकता की झलक उनमें दिखाई देने लगी है...कभी-कभी गुरु और ज्ञान की बातें भी करने लगते हैं...बातों ही बातों में उनके मुख से निकल पड़ता है कि गुरु ज्ञान देने के साथ ही साथ लोगों को दुःख और संकटों से भी मुक्ति देते हैं... खैर...ज्ञान देने की उनकी बात से तो मैं सहमत था...लेकिन गुरू दुःख और सकटों को दूर करता है या कर सकता है मेरे गले के नीचे नहीं उतरता है...हाल ही में वे घर से लौट कर आए थे...मैं उनसे मिलने पहुँच गया...बातों ही बातों में मेरी निगाह उनके दाहिने हाथ की कलाई में बंधी सतरंगे धागों पर पड़ी... यह क्या...उन्होंने नीले रंग का पत्थर जड़ित अंगूठी भी पहन रखी थी...! फिर मेरी दृष्टि आलमारी में रखी सफेद दाढ़ियों वाले बाबा जैसे लगने वाले किसी व्यक्ति की तस्वीर पर पड़ी...मैंने छूटते ही पूँछा कि यार तुम कबसे एक तार्किक से अतार्किक बन गए...! मतलब पूँछने पर मैंने इन चीजों की ओर इशारा करते हुए उनके अन्दर आए इस परिवर्तन का कारण जानना चाहा...
      मित्र महोदय के कथनानुसार...विगत दिनों जब वे गाँव गए थे तो उनके घर यही बाबा जी आ गए थे...उनके भूत और वर्तमान के बारे में कुछ ऐसी बातें बतायी कि वे आश्चर्य में पड़ गए कि बाबा जी के पास कौन सी दिव्य दृष्टि है…! इतना कुछ उनके बारे में जान गए..! फिर भविष्य में उनके परिवार पर आने वाले कष्टों की भविष्यवाणी भी की..उनके चिंतित होने पर उन्होंने कुछ धार्मिक अनुष्ठान करवाए तथा यही नीले रंग के रत्न जड़ित अंगूठी और हाथ में कलेवा धारण करने के लिए कहा और अपना यह फोटो देते हुए कहा कि दिन में एक बार इस फोटो की ओर जरूर निहार लिया करें क्योंकि बाबा जी उनके आगामी कष्टों के लिए एक जाप कर रहे होंगे..और फोटो देखने से बाबा जी की पराशक्ति उनमें परावर्तित होकर उनका कल्याण करेगी...फिर उन्होंने मुझसे कहा कि यार वाकई बाबा जी बहुत पहुँचे हुए लगे....
         मैंने कुछ सोचते हुए अनुष्ठान के बारे में पूँछा तो उन्होंने बताया कि बाबा जी स्वयं अनुष्ठान नहीं करना चाहते थे..उन्होंने यह कहते हुए विधि और सामग्री बता दी थी कि किसी पुरोहित को बुलाकर अनुष्ठान करा लेना...लेकिन बाबा जी की बताई सामग्री प्राप्त करने की दुरुहता को सोचकर उन्होंने बाबा जी से स्वयं अनुष्ठान कार्य संपन्न कराने का अनुरोध किया था तब बाबा जी सहर्ष तैयार हो गए थे.. फिर मित्र ने आगे बताया कि दो-चार हजार तो खर्च होना ही था...लेकिन उन्हें इस खर्च की परवाह नहीं...बाबा से अनुष्ठान करवा दिए|
     मित्र महोदय की ‘इन्नोसेंट टाइप’ बातें सुन मेरे चेहरे पर मुस्कराहट तिर आई..इसे देख वे मेरे मुस्कुराहट का कारण पूँछने लगे तो मैं अन्यथा न लेने की शर्त पर मुस्कुराहट का कारण बताने लगा जो इस प्रकार है...        
        मैंने मित्र महोदय से कहानी कहने के अंदाज में बताना शुरू किया...देखो यार मैं भी हाल ही में घर यानी गाँव गया था वहाँ मेरे चचा जी मिल गए उन्होंने एक घटना सुनायी जो उनके किसी रिश्तेदार के साथ घटी थी..बात यह थी कि चचा के रिश्तेदार का नौजवान लड़का बाल-बाल किसी तरह जेल जाने से बचा था...! कारण... ऐसे ही आपके बाबा जी की तरह एक बाबा थे...! मेरे इतना कहने पर जब मित्र महोदय ने मुझे घूरना शुरू किया तो अपने शर्त की याद दिलाते हुए उन्हें पूरी कहानी सुनने का अनुरोध किया...मैंने आगे कहना प्रारंभ किया..ऐसा था कि उस नौजवान लड़के का एक ग्रुप था..जो दूर इलाकों का भ्रमण करते थे और किसी को भनक न लगे किसी तरह उस क्षेत्र के परिवारों के मुखिया और उसके सदस्यों की स्थिति पता कर लेते थे तथा उसे एक कागज में नोट कर अपने गैग के सरगना को दे दिया करते थे जो बाबा वेशधारी होता था... बाद में वही बाबा उन परिवारों में जाता और उनके भूत तथा वर्तमान की बात कर उनमें भविष्य का डर पैदा करता था...लोग उसके प्रभाव में आकर उससे तरह-तरह के अनुष्ठान करवाते और यदा-कदा दक्षिणा भी दे दिया करते थे..फिर वह बाबा अपने गैंग के सदस्यों में भी इस कमाई का हिस्सा बांटा करता था...अरे वह तो उस दिन की घटना थी जब उसकी पोल खुल गयी थी...!
     हाँ सवेरे ही बाबा उस परिवार में पहुंचा था.... “जय हो..जय हो..अरे भाई श्यामलाल का घर यही है...” बाबा की बात सुन घर वाले अचकचा गए कि इस बाबा को कैसे नाम का पता चला...कारण पूँछने पर बाबा ने कहा कि यह प्रभु की माया है बच्चा लोग...! तुम नहीं समझ पाओगे...! फिर श्यामलाल की घरवाली..घर से यह कहते हुए निकली कि बाबा जी वो घर पर नहीं हैं तो बाबा जी श्यामलाल की घरवाली पर अपना प्रभाव ज़माने के अंदाज में यह कहते हुए बोले कि देवी कोई बात नहीं..आप बड़ी भाग्यशाली हैं, आपके पति इतने साल पहले बीमार हुए लेकिन प्रभु की कृपा से ठीक हो गए...अरे हाँ आपका बड़ा बच्चा बहुत नाम कमाएगा उसे तो बहुत बड़ा आफिसर होना चाहिए...बोलो बेटी सत्य है या नहीं..श्यामलाल की पत्नी ने जैसे ही स्वीकारोक्ति में सिर हिलाया तो बाबा आगे बोल पड़े...लेकिन पुत्री तुम्हारा दूसरा बेटा थोड़ा कष्ट पायेगा उसका ग्रह उसे चैन से जीने नहीं देगा...एक कष्ट निवारण अनुष्ठान करना होगा...!
       मित्र की निगाहें मेरे ऊपर जमीं हुई थी...आगे मैं अपनी बात पूरी करने लगा.. इसके बाद श्यामलाल की पत्नी बाबा जी से प्रभावित होकर अनुष्ठान के बारे में पूँछ-ताछ करने लगी.. मैंने मित्र की देखते हुए कहा कि उस बाबा ने पूजा के लिए ऐसी सामग्री लिखवाई कि जब उस सामग्री के मिलने की कठिनाई बताई गई तो वह स्वयं सामग्री उपलब्ध कराकर अनुष्ठान पूर्ण करने पर सहमत हो गया...और जानते हो वह बाबा पूजा की ऐसी सामग्री बताता जो लोगों को और कहीं न मिले जिससे लोग विवश हो उसी से अनुष्ठान कराएं... फिर क्या हुआ..ठीक उसी समय श्यामलाल की एक मरकही गाय खूँटे से तुड़ा कर बड़ी तेजी से बाबा की ओर भागी और बाबा को लगा की कहीं वह इस गाय की चपेट में न आ जाए और इसी बचने में वे हड़बड़ा कर गिर पड़े...उनके हाथ में लिया कमंडल छूट गया..उसी कमंडल में रखी कुछ कागज की पर्चियां छिटक कर जमीन पर आ गिरी और श्यामलाल के एक पढ़े लिखे भतीजे के हाथ लग गई..उनके भतीजे ने पढ़ा तो उसमें लिखा था... “श्यामलाल..दो लड़के बड़ा लड़का सरकारी विभाग में..छोटा कुछ-कुछ अवारागर्दी करता है..श्यामलाल एक बार वीमार पड़े थे मरते-मरते बचे थे..आदि-आदि..” इसी तरह से अन्य पर्चियों में भी गाँव के अन्य लोगों के बारे में जानकारी थी...फिर क्या था श्यामलाल के घरवालों को समझते देर न लगी तब-तक गाँव के भी दो-चार लोग आ गए थे...सबको माजरा समझते देर न लगी...और बाबा जी की जम कर धुनाई शुरू हो गयी..तब बाबा जी ने अपने गैंग के बारे में बताया..उनके गैंग में कई लोग थे उन्हीं में चचा के रिश्तेदार का वह नौजवान लड़का भी था जो परिवारों की रेकी करने में शामिल होता था...और बाबा अपनी कमाई में सबको हिस्सा दिया करता था... चचा ने बताया कि खैर किसी तरह रिश्तेदार ने भविष्य में ऐसी गलती न होने देने की शर्त पर अपने लड़के को पुलिस के शिकंजे से बचाया था....!                                        
     मैंने अपनी बात समाप्त कर दी थी और मित्र की प्रतिक्रिया का इन्तजार था...आचानक मित्र महोदय के मुख से निकला.. “धत्त तेरे की..!”
    और मेरी कहानी समाप्त थी...!

                 ............................